नेपाल में भूकंप के तेज झटके, उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी दिखा असर

नेपाल में भूकंप के तेज झटके, उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी दिखा असर

शुक्रवार की शाम नेपाल में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए । रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.0 मापी गई ।  इसका केंद्र नेपाल के टालेंगाउ के पास 20 किलोमीटर की गहराई में था । 

नेपाल से सटे भारत के कई इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए । बिहार और उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में ये झटके स्पष्ट रुप से महसूस किए गए । वहीं दिल्ली -एनसीआर में भी इसका असर महसूस किए जाने की बात सामने आ रही है । राहत की बात यह है कि अबतक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है । 

PlRgGRy.jpeg

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार भूकंप के झटके स्थानीय समय के मुताबिक शाम 7:52 बजे पर महसूस किए गए । भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई ।  इससे पहले नेपाल में बीते 28 फरवरी को भूकंप आया था रिक्टर स्केल पर जिसकी तीव्रता 5.5 मापी गई थी । बिहार में भी इसका असर महसूस किया गया था । 

28 मार्च को आए भूकंप में म्यांमार में भारी तबाही

पिछले महीने 28 तारीख को म्यांमार में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था जिससे भारी तबाही हुई । इसमें  3,000 से ज्यादा लोग मारे गए और करीब 4700 लोग घायल हुए हैं । घटना के बाद से 370 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं । 

हिमालय जोन में बार-बार क्यों आते हैं भूकंप ? 

नेपाल , तिब्बत और भारत के कई इलाके हिमालय जोन का हिस्सा हैं । हिमालय भूवैज्ञानिक रूप से दुनिया के सबसे सक्रिय क्षेत्रों में से एक है । अत्यधिक सक्रिय होने की वजह से यहां की घरती के नीचे मौजूद प्लेट ज्यादा मूव करते हैं । इस वजह से हिमालय और उससे जुड़े क्षेत्रों में भूकंपों का इतिहास रहा है ।