उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग का बड़ा ऐलान, चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर होंगे By-Election

उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग का बड़ा ऐलान, चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर होंगे By-Election
भारत निर्वाचन आयोग ने देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। आयोग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए उपचुनाव की तारीखें भी तय कर दी हैं। इन सीटों पर मतदान 19 जून 2025 को होगा और मतगणना 23 जून 2025 को की जाएगी।

किन सीटों पर होंगे उपचुनाव?

इन उपचुनावों के तहत गुजरात, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की पांच विधानसभा सीटें शामिल हैं:

गुजरात - कडी सीट: विधायक करसनभाई पंजाबभाई सोलंकी के निधन के बाद यह सीट खाली हुई।

गुजरात - विसावदर सीट: भयानी भूपेंद्रभाई गंडूभाई के इस्तीफे के कारण उपचुनाव जरूरी हो गया।

केरल - नीलांबुर सीट: पी वी अनवर के इस्तीफे के बाद यह सीट रिक्त हुई।

पंजाब - लुधियाना पश्चिम सीट: विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है।

पश्चिम बंगाल - कालीगंज सीट: विधायक नसीरुद्दीन अहमद के निधन से यह सीट खाली हुई।

गुजरात में कांग्रेस अकेले लड़ेगी उपचुनाव

गुजरात में कांग्रेस ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया है कि वह विसावदर और कडी दोनों सीटों पर आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ गठबंधन किए बिना स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेगी।

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने कहा, "गुजरात में लोगों ने कभी तीसरे मोर्चे को समर्थन नहीं दिया। यहां मुकाबला सिर्फ कांग्रेस और भाजपा के बीच होता है।"

लुधियाना पश्चिम: कांग्रेस और आप के बीच सीधी टक्कर

पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर उपचुनाव रोचक बन गया है क्योंकि यहां कांग्रेस और आप आमने-सामने हैं। कांग्रेस ने भारत भूषण आशु को उम्मीदवार घोषित किया है। उनकी उम्मीदवारी को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी मिली है। वहीं, आप ने 26 फरवरी को राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को इस सीट से उम्मीदवार बनाया था।